आज विश्व कैंसर दिवस है और इस मौके पर एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. लंबे समय से यह माना जाता रहा है कि फेफड़े का कैंसर सिर्फ धूम्रपान करने वालों को ही होता है. लेकिन एक नई रिसर्च ने इस धारणा को पूरी तरह से बदल कर रख दिया है. लैंसेट के एक अध्ययन में यह खुलासा हुआ है कि लैंसेट रेस्पिरेटरी मेडिसिन जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, बिना धूम्रपान किए भी लंग कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और इसका एक बड़ा कारण वायु प्रदूषण हो सकता है. इस शोध को इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) और वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के वैज्ञानिकों ने किया है. इसमें ग्लोबल कैंसर ऑब्जर्वेटरी 2022 के डेटा का विश्लेषण किया गया, जिसमें पाया गया कि एडेनोकार्सिनोमा (Adenocarcinoma) नामक लंग कैंसर नॉन-स्मोकर्स में सबसे अधिक पाया जा रहा है. रिसर्च में यह भी सामने आया कि 2022 में दुनियाभर में लंग कैंसर के कुल मामलों में 53-70% मामले उन लोगों में पाए गए, जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया. एडेनोकार्सिनोमा क्या है
एडेनोकार्सिनोमा एक प्रकार का लंग कैंसर है, जो उन ग्लैंड्स में विकसित होता है जो शरीर में बलगम और पाचन से जुड़े तरल पदार्थ बनाती हैं. यह कैंसर खासकर महिलाओं और एशियाई देशों में तेजी से बढ़ रहा है. स्टडी में यह भी बताया गया है कि लंग कैंसर के इस प्रकार का संबंध धूम्रपान से बहुत कम है, लेकिन वायु प्रदूषण और वातावरण में मौजूद सूक्ष्म कण (PM 2.5) इसका बड़ा कारण हो सकते हैं.