भारत सरकार ने रविवार को कहा कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के 2 दिनों के दौरान देश में 2.24 लाख से अधिक लाभार्थियों को कोविड-19 के टीके लगाए गए तथा इस दौरान प्रतिकूल प्रभाव के सिर्फ 447 मामले सामने आए। केंद्र ने कहा कि इन 447 मामलों में से केवल 3 व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ी।
केंद्र ने कहा कि प्रतिकूल प्रभाव सामने आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए 3 व्यक्तियों में से दो को उत्तर रेलवे अस्पताल और दिल्ली के एम्स से छुट्टी दे दी गई है और एक एम्स, ऋषिकेश में निगरानी में है और उसकी स्थिति ठीक है।
मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मनोहर अगनानी ने कहा कि 2,07,229 लाभार्थियों को शनिवार को टीके लगाये गए जो कि किसी देश में एक दिन में टीकाकरण की सबसे अधिक संख्या है।
